दर्दे दिल की दवा ..यहाँ है .. हार्ट के हर मर्ज की दवा डॉक्टर नहीं.... P Atul Vinod
Open Your Heart: Spiritual Exercises for the Heart
हम हर साल हार्ट डे मनाते हैं दिल को सुरक्षित रखने के लिए डॉक्टर किस तरह के उपाय बताते हैं .. लेकिन ये दिल सिर्फ चिकित्सा का मामला नहीं है| दिल तो बस "दिल" का मामला है|
कभी भी किसी की छाती सिकुड़ सकती है| दिल बैठ सकता है| ये दिल मेडिकल कारणों से ही ठंडा नहीं पड़ता ये बहुत नाज़ुक है खानपान से ज्यादा ये भावनाओं से प्रभावित होता है|
"दर्द दिलों के कम हो जाते मैं और तुम गर हम हो जाते"
दिल की धमनियों में खून बर्फ की तरह कठोर हो जाता है| जब दो दिल "हम" होने की बजाये "तू तू मैं मैं" हो जाते हैं रिश्तों में अहंकार और हठ की परतें दिल की दीवारों पर जमा हो जाती हैं|
छाती पीड़ा से भर जाती है जब हम अकड जाते हैं| प्रेम करते ही अवरोध की दीवार ढह जाती है| बर्फ पिघल जाती है रास्ता खुल जाता है|
दिल के खुले मैदान में जब "मैं" रुपी कंक्रीट के महल खड़े होते हैं तो हवा का प्रवाह बंद हो जाता है| बनने में हार्ट को खतरा है लेकिन मिटने में उसे आसानी है|
जब हम प्रेम मांगते हैं, चाहते हैं तो दिल संकुचित हो जाता है लेने की चाहना में खतरा है लेकिन देने में आसानी है|
दिल छोटा होता है जब सोच संकुचित होती है| जब हर बात लेन-देन का व्यापार बन जाती है|

न हम रहे दिल लगाने के काबिल,
न दिल रहा ग़म उठाने के काबिल,
लगे उसकी यादों के जो ज़ख़्म दिल पर,
न छोड़ा उसने मुस्कुराने के काबिल।
दिल लगाने की चीज़ है, लेकिन इस लगाने में उसे गम मिल जाता है| गम बाई प्रोडक्ट है दिल से गलबहियाँ करने का |
तकलीफ ही तो है जो मिलती है| क्यूंकि "दिल तो बच्चा है जी" वो क्या जाने इन स्वार्थ भरे रिश्तों को| वो तो निश्छल प्यार को जानता है| वो शारीरिक आकर्षण से परे है|
जब महज़ आकर्षण से बंधा ढाई अक्षर का प्यार टिकता नहीं तो चोट लगती है| क्यूंकि उसे डील करना नहीं आता उसे क्या मालूम? तुम लोग उसे ज़रा सी बातों में लड़-झगड लोगे| वो हैरान हो जाता है यादों के जख्म लिए जीता है| मुस्कुराने के काबिल भी नहीं रहता|
जब भी दिल को प्रेम लेने से बांधा जायेगा वो तडपेगा उसे तो आदत है सिर्फ देने की|
जब बिना पाने के देने लग जाओ तो वो खिलता है, मुस्कुराता है|
दिल गुणवत्ता का प्यासा है| लुटने का आदि है| वो कंजूस नहीं| लेकिन मन के छुड़कपन में जब भी घसीटा जाता है आहत होता है| दोषी नहीं फिर भी सहना उसी को पड़ता है|
दिल तो बादल है हर वक्त बरसने को तैयार है, हम उसे रोकते हैं| बंदिशें लगाते हैं| शर्तें थोपते हैं|
खुलना नहीं, बरसना नहीं, प्रेम से भर मत जाना, बस मोल भाव करते रहना|
हंसना उसके लिए टॉनिक है, लेकिन हंसते हम हैं नहीं| अंदर दुःख हो तो खुलकर रोने से वो राहत पाता है, पर हम रोते भी नहीं, आंसू बहाना कमजोरी की निशानी है| अंदर रुके आंसू उसे तड़पाते हैं|
वो कभी भरा नहीं रहना चाहता, उसे तो खाली होना है, उसे तो बहना है| प्रकृति की छाव में, बादलों की गोद में, नदी की कलकल में, झरने की झरझर में, उसे तो नाचना है गाना है|
पर हमारी प्रकृति से दुश्मनी है कोई|
दिल ने सोचा था, उसे टूट कर चाहेंगे,
सच में चाहा भी, बहुत टूटे भी बहुत.
दिल तो लुटना चाहता है, लेकिन किसी शरीर के नहीं, इंसानियत के लिए, ईश्वर के लिए, उसकी स्रष्टि के लिए, तब वो नहीं छला जाता, जब लुटता है अपने अंशी के लिए उसके अंश के लिए नहीं|
वो डूब जाना चाहता है, चुल्लू भर पानी में नहीं समुंदर में ….
आज किसी ने बातों बातों में,
जब उन का नाम लिया
दिल ने जैसे ठोकर खाई,
दर्द ने बढ़कर थाम लिया.
जब भी शरीर से जुड़ोगे, दर्द ही मिलेगा ,लेकिन उस शरीर के प्रेम में डूबा शख्स, आनंद ही पाता है| उसके जीवन की महक कभी ठंडी नहीं पडती| जब भी मिलता है, प्रेम के सागर से, सागर ही अपना है फिर बांटो, कितना ही, कम थोड़े ही होगा|
अध्यात्म में ह्रदय दरवाजा है सम्भावनाओं का| ये विज्ञानमय कोष है| ये एक केंद्र है, जहाँ प्रेम का आत्मा से मिलन होता है| इसी केंद्र में करुणा पनपती है, इसी में दया, कृतज्ञता, मैत्री और सदभाव का सागर हिलोरे मारता है|
बस आँखें बंद करें| लम्बी गहरी सांसे लें| ह्रदय पर केन्द्रित होकर विकारों को बहार निकाल दें| शिकायतें, ग्लानी, बाल हठ, शिकवे, नाराजगी को जाती हुयी सांस के साथ प्रवाहित करते जाएँ| आती हुयी श्वास के साथ ईश्वरीय प्रकाश और प्रेम को अंदर आने की अनुमति दें| कठोरताओं को पिघला दें| सहज बन जाएँ| बच्चे की तरह निर्मल बन जाएँ| सबको क्षमा कर दें| अपनी भूलों के लिए खुद को भी माफ़ कर दें|
बस शांति ..शांति .. शांति यही नीरव शांति दिल की सबसे बड़ी दवा है|

Heal Your Heart
How to Heal a Broken Heart
Mindful Ways to Calm Your Mind and Heal Your Heart
Heartbreak: The Science Behind the Pain and How to Deal
The science behind a broken heart
How to Recover from Romantic Heartbreak
What is the real meaning of listening to our heart?
The "Heart" in Spiritual Teachings
How Spirituality Can Scientifically HEAL Heart Disease
Healing the Heart: A Spiritual Approach to Reversing Coronary Artery Disease